Maharajganj Times

हाथ देखकर भविष्य बताने और पूजा-पाठ के बहाने उड़ाते थे जेवर, अंतरजनपदीय गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार

अपराध
Friday, 19 Jun, 2026
0
784

 

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो-: जिले में घर-घर घूमकर पूजा-पाठ, दान-दक्षिणा और भविष्य बताने के नाम पर महिलाओं को झांसे में लेकर आभूषण चोरी करने वाले गिरोह का पुरन्दरपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नकदी, सोने की नथुनी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुरन्दरपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना क्षेत्र के ग्राम देवपुर में हुई आभूषण चोरी की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में कुशीनगर जनपद के पडरौना थाना क्षेत्र अंतर्गत त्रिलोकपुर खुर्द निवासी अखिलेश पाण्डेय (37), शेरा पाण्डेय (40) और चन्दन पाण्डेय (35) शामिल हैं। तीनों को मधुकरपुर महदेवा स्थित पुराने पंचायत भवन के पास से गिरफ्तार किया गया। थाना प्रभारी गौरव कनौजिया ने बताया कि आरोपी गांव-गांव घूमकर लोगों का हाथ देखकर भविष्य बताने, पूजा-पाठ कराने तथा दान-दक्षिणा मांगने का काम करते थे। इसी दौरान वे महिलाओं और परिवारों को अपने झांसे में लेते थे। पूजा के नाम पर घर के सोने-चांदी के आभूषण पीपल के पत्ते पर रखने के लिए कहते थे और फिर किसी बहाने घर के सदस्य को पानी लाने भेज देते थे। जैसे ही लोग पानी लेने जाते, आरोपी आभूषण लेकर मौके से फरार हो जाते थे। पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि 6 जून 2026 को ग्राम देवपुर में हुई चोरी की घटना को भी उन्होंने ही अंजाम दिया था। चोरी किए गए अधिकांश आभूषण नेपाल में बेच दिए गए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5,760 रुपये नकद, एक सोने की नथुनी तथा एक हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया गया है। गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक राहुल यादव समेत पुलिस के अन्य जवान शामिल रहे।